द्वितीय जन्म जयंती पर कामा के कैप्टन दीपक सिंह को किया याद

खबर शेयर करें -

 

द्वाराहाट, राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल महतगांव में शौर्य चक्र (मरणोपरांत) विजेता स्थानीय न्याय पंचायत कामा के कैप्टन दीपक सिंह की द्वितीय जन्म जयंती बड़े सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा भावपूर्ण सहभागिता की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ध्यान सिंह रौतेला ने अपने संबोधन में कैप्टन दीपक सिंह को पूरे देश का गौरव बताते हुए कहा कि उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में कैप्टन दीपक के माता चंपा कुवार्बी, पिता महेश सिंह कुवार्बी तथा उनके मामा चंदन बोरा (जो कि इसी विद्यालय में कार्यरत हैं), द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के अनुसार पुरस्कृत किया गया। इस दौरान महतगांव के प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह मेहता तथा विद्यालय के शिक्षकों पंकज पंत, तारा अधिकारी एवं चन्दन बोरा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को कैप्टन दीपक सिंह के साहस, देशभक्ति और समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
बता दें कि न्याय पंचायत कामा के कैप्टन दीपक सिंह का जन्म 28 फरवरी 1999 को हुआ था। वे 48 राष्ट्रीय राइफल के सिग्नल कोर में कार्यरत थे। 14 अगस्त 2024 को आतंकवादियों से संघर्ष के दौरान उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम का समापन कैप्टन दीपक सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया।

Ad Ad Ad
Breaking News