जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, अल्मोड़ा में जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु दो दिवसीय जनपद स्तरीय प्रतिभा दिवस मेला कार्यक्रम का आज समापन हो गया. समापन सत्र में डायट प्राचार्य ललित मोहन पाण्डे ने कहा कि जहाँ बच्चे होते हैं वहाँ सदैव प्रतिभाओ का मेला होता हैँ, उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को अवसर प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करें। कार्यक्रम के समन्वयक हरिवंश सिंह बिष्ट एवं डॉ. कमलेश सिराड़ी द्वारा प्रतिभागियों, निर्णायकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रमाणपत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. भुवन चन्द्र पांडे ने किया.
मेले में तीन स्तर के बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई और विकासखंड वार शैक्षणिक स्टाल लगाए गए। जूनियर स्तर पर भाषाई दक्षता में लमगड़ा ब्लॉक की विद्या, गणितीय दक्षता में द्वाराहाट ब्लॉक की रेखा तथा खेल और क्रीड़ा में स्याल्दे के तन्मय ने तथा लयबद्ध व्यायाम व लोक नृत्य की टीम स्पर्धा में भी स्याल्दे ब्लॉक ने बाजी मारी। कक्षा 1और 2 के स्तर में भाषाई गतिविधि में चौखुटिया ब्लॉक की देवांशी, गणितीय गतिविधि में ताकुला ब्लॉक की जिया तथा खेल गतिविधियों में हवालबाग ब्लॉक के आयुष ने तथा लयबद्ध व्यायाम और लोक नृत्य की टीम स्पर्धा में चौखुटिया ब्लॉक ने बाजी मारी। जबकि कक्षा 3,4,5 के स्तर में भाषाई दक्षता में धौलादेवी ब्लॉक की आरती पाटनी, गणितीय दक्षता में लमगड़ा ब्लॉक के निर्मल रावत तथा लयबद्ध व्यायाम और लोक नृत्य की टीम स्पर्धा में चौखुटिया ब्लॉक ने बाजी मारी। आर्ट एवं क्राफ्ट के विकासखंडवार बने शैक्षणिक स्टाल में लमगड़ा, हवालबाग और द्वाराहाट क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में संस्थान की ओर से डा.प्रकाश पंत, अशोक बनकोटी, दीपक पाण्डेय, कुंवर पपने, सतीश चन्द्र भट्ट, पूरनचन्द्र पांडे, भूपेंद्र बगड़वाल, दिनेश तिवारी, निम्मी बिष्ट, प्रियंका लोहनी, पूनम साह, सुनीता पालीवाल, जगदीश भंडारी, भावना जोशी, हेमा पांडेय, गोकुला प्रसाद, नितिन जोशी, राजेंद्र लटवाल ने निर्णायक के रूप में सहयोग किया। वहां 11 विकासखंडों के 160 से अधिक बच्चे और उनके मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे।
