किच्छा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) की छात्राओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। क्षेत्र की बेटियों को अब जर्जर कमरों या जगह की कमी के बीच पढ़ाई नहीं करनी होगी। उत्तराखंड सरकार ने विधायक तिलक राज बेहड़ के प्रयासों पर मुहर लगाते हुए 5 करोड़ रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन को स्वीकृति दी है। आज खुद विधायक बेहड़ ने स्कूल पहुंचकर भूमि पूजन किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
किच्छा नगर का यह प्रमुख सरकारी स्कूल, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, छात्राओं की बढ़ती संख्या के कारण जगह की कमी से जूझ रहा था। कक्षाओं की किल्लत की वजह से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, जिसे देखते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने शासन स्तर पर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
मुख्यमंत्री की ओर से मिली 5 करोड़ की इस ‘सौगात’ से अब यहाँ एक आधुनिक और भव्य बिल्डिंग खड़ी होगी। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी इस स्कूल में अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला (Science Lab) का निर्माण कर शिक्षा के स्तर को सुधारने की कोशिश की गई थी।
[बाइट (Bite) – तिलक राज बेहड़, विधायक, किच्छा]
”हमारी बेटियां आगे बढ़ें, यही हमारी प्राथमिकता है। इस स्कूल में छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही थी, लेकिन बैठने के लिए कमरों की भारी कमी थी। मैंने माननीय मुख्यमंत्री जी से इस समस्या के समाधान का अनुरोध किया था और आज 5 करोड़ की लागत से बनने वाले इस नए भवन का भूमि पूजन हो गया है। मैं मुख्यमंत्री जी का सहृदय आभार व्यक्त करता हूं।”
