किच्छा:दक्षिणी बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति के निदेशकों के चुनाव के दौरान सोमवार को पुलिस ने पूर्व दर्जाधारी एवं कांग्रेस के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ चुके हाजी सरवर यार खान को हिरासत में ले लिया। इस कारण चुनाव स्थल पर हंगामा हो गया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। सूचना मिलते ही विधायक तिलकराज बेहड़ कोतवाली पहुंचकर धरने पर बैठ गए। बेहड़ ने पुलिस पर सत्ता पक्ष के लिए कार्य करने का आरोप लगाया। पुलिस ने हाजी सरवर यार खान को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। इसके बाद बेहड़ ने अपना धरना समाप्त कर दिया। सोमवार को दक्षिणी किसान सेवा सहकारी समिति के बंडिया, पटेरी व दरऊ क्षेत्रों के तीन निदशकों का चुनाव था। नगरपालिका के कम्युनिटी हॉल में समिति के मतदाता मतदान कर रहे थे। पूर्व दर्जाधारी एवं कांग्रेस नेता हाजी सरवर यार खान दरऊ से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रिजवाना बेगम के पोलिंग एजेंट थे। दोपहर बाद पुलिस ने पोलिंग स्टेशन में घुसकर सरवर यार खान को हिरासत में ले लिया। बीते रविवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान ने सरवर यार खान और उनके समर्थकों पर मारपीट और जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया था। कांग्रेस नेता को हिरासत में लेने के दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिस बल प्रयोग कर सरवर यार खान को कोतवाली ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक तिलकराज बेहड़ कोतवाली पहुंच गए और पुलिस पर सत्ता पक्ष का एजेंट बनकर कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लेने का आरोप लगाते हुए दरी बिछाकर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। बेहड़ ने आरोप लगाया कि सरवर यार खान का निदेशक नहीं जीतने देने के लिए पुलिस का सहारा लिया जा रहा है। कहा कि सुबह बीडीसी मेंबर उठा लिया गया। मतदाताओं को उठाया जा रहा है। सरवर यार खान को टारगेट किया जा रहा है। वह अब पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरवर यार खान को नहीं छोड़ा जाएगा, उनका धरना जारी रहेगा। लगभग एक घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने सरवर यार खान को छोड़ दिया। इसके बाद बेहड़ ने अपना धरना समाप्त कर दिया।






