प्रतिभा दिवस मेले में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक, डायट अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय प्रतिभा दिवस मेले का रंगारंग आगाज

खबर शेयर करें -

अल्मोड़ा:जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, अल्मोड़ा में जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु दो दिवसीय जनपद स्तरीय प्रतिभा दिवस मेला कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया. दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए डायट प्राचार्य ललित मोहन पाण्डे ने कहा कि जहाँ बच्चे होते हैं वहाँ सदैव प्रतिभाओ का मेला होता हैँ, प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतिभा होती हैँ, आवश्यकता है कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को अवसर प्रदान करने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने का उचित मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के समन्वयक हरिवंश सिंह बिष्ट एवं डॉ. कमलेश सिराड़ी ने प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक कार्यक्रम की रूपरेखा, नियमों एवं गतिविधियों के बारे में बताया. कार्यक्रम का संचालन संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. भुवन चन्द्र पांडे ने किया.

मेले में तीन स्तर के बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई और विकासखंड वार शैक्षणिक स्टाल लगाए गए। जूनियर स्तर पर भाषाई दक्षता में लमगड़ा ब्लॉक की विद्या, गणितीय दक्षता में द्वाराहाट ब्लॉक की रेखा तथा खेल और क्रीड़ा में स्याल्दे के तन्मय ने बाजी मारी। कक्षा 1और 2 के स्तर में भाषाई गतिविधि में चौखुटिया ब्लॉक की देवांशी, गणितीय गतिविधि में ताकुला ब्लॉक की जिया तथा खेल गतिविधियों में हवालबाग ब्लॉक के आयुष ने बाजी मारी। जबकि कक्षा 3,4,5 के स्तर में भाषाई दक्षता में धौलादेवी ब्लॉक की आरती पाटनी, गणितीय दक्षता में लमगड़ा ब्लॉक के निर्मल रावत तथा खेल गतिविधियों में ब्लॉक ने बाजी मारी। समाचार लिखे जाने तक प्रतिभा दिवस मेले की अन्य प्रतियोगिताएं जारी थी।

इस अवसर पर संस्थान के रमेश सिंह रावत, डॉ प्रकाश पंत,अशोक बनकोटी, डॉ.हेमलता धामी, डॉ. सरिता पांडे, प्रकाश चंद आर्य, डॉ. कामक्षा मिश्रा, दीपक पांडे, कुंवर पपने, सतीश चन्द्र भट्ट, पूरनचन्द्र पांडे, भूपेंद्र बगड़वाल, दिनेश तिवारी, निम्मी बिष्ट, प्रियंका लोहनी, पूनम साह ने निर्णायक के रूप में सहयोग किया। वहां 11 विकासखंडों के 120 बच्चे और उनके मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad
Breaking News