गली-मोहल्लों में नशा बेचने वालों की खैर नहीं, एसएसपी ने दिए कड़ी कार्यवाही के निर्देश

खबर शेयर करें -

किच्छा/ऊधमसिंह नगर:

एसएसपी अजय गणपति ने गुरुवार को कोतवाली परिसर में जनता के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि नशे के बड़े सौदागरों के साथ-साथ गली-मोहल्लों में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे छोटे कारोबारियों के खिलाफ भी पुलिस सख्त एक्शन लेगी।

नशा तस्करों को तत्काल हिरासत में लेने का आदेश

​जनता से संवाद के दौरान एसएसपी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी और कोतवाल प्रकाश सिंह दानू को स्पष्ट निर्देश दिए कि नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर तत्काल हिरासत में लिया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे का आदी बनाने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

ट्रैफिक जाम और नाबालिग स्टंटबाजों पर जनता की शिकायत

​संवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने एसएसपी के सामने कई ज्वलंत मुद्दे रखे:

  • जाम की समस्या: सोमवार और शुक्रवार को साप्ताहिक हाट बाजार के समय मंडी रेलवे फाटक पर लगने वाले घंटों लंबे जाम से जनता को निजात दिलाने की मांग की गई।
  • दरऊ चौक कट: दरऊ चौक को बंद कर बनाए गए वैकल्पिक कट पर हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई।
  • स्टंटबाजी: स्कूली बच्चों द्वारा बाइक पर किए जा रहे खतरनाक स्टंट पर रोक लगाने की मांग की गई।

कोतवाली का औचक निरीक्षण

​संवाद के बाद एसएसपी ने कोतवाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, हवालात, शस्त्रागार, भोजनालय और पुलिसकर्मियों के लिए बन रही नई बिल्डिंग का जायजा लिया। उपनिरीक्षकों के साथ बैठक कर उन्होंने लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने दरऊ चौक के वैकल्पिक कट का स्वयं निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

“कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस न केवल अपराधियों पर लगाम कसेगी, बल्कि जनता की रोजमर्रा की समस्याओं जैसे जाम और यातायात सुरक्षा का भी शीघ्र समाधान करेगी।”

अजय गणपति, एसएसपी

Ad Ad Ad
Breaking News