ऋषिकेश: रायवाला थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां हरिपुर कला क्षेत्र में नहाते समेत गंगा में एक लड़का डूबने लगा. उसकी दो बहनों ने भाई को धक्का देकर किनारे पर किया और जैसे-तैसे उसे बचाया है. लेकिन वो खुद नहीं बच पाईं. दोनों बहनों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया है.
हरिपुर कला पुलिस चौकी प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हरिपुर कला गली नंबर 3 भीमसेन आश्रम में अनिल कुमार किराए पर रहते हैं. अनिल कुमार के तीन बच्चे हैं. तीनों सोमवार को हरिपुर कला क्षेत्र में ही गंगा में नहाने गए थे.भाई ने लगाई थी मदद के लिए आवाज: बताया जा रहा है कि नहाते समय अनिल कुमार का बेटे सूरज पानी के बहाव के साथ बहने लगा. सूरज ने मदद के लिए दोनों बहनों को आवाज लगाई. दोनों बहनें भी मदद के लिए आगे बढ़ीं और गंगा में उतरकर किसी तरह भाई को धक्का देकर किनारे किया. हालांकि इस दौरान वो खुद को नहीं बचा पाई और दोनों गंगा के तेज बहाव में बह गईं.
बच्चों के माता-पिता आश्रम के पास ही काम करते हैं. दोनों सोमवार को काम पर गए हुए थे, तभी ये हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि पड़ोस की एक महिला तीन बच्चों को अपने साथ ले गई थी.एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दी थी. जिसके बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची और बच्चियों के सर्च ऑपरेशन में जुटी है. दोनों लापता बहनों में साक्षी की उम्र 15 साल और वैश्वी की उम्र 13 साल है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
