रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रेशमबाड़ी से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर वांछित अभियुक्त की मौजूदगी की सूचना मिली और मुठभेड़ के दौरान उसे दबोच लिया गया।
आरोपी और बरामदगी का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (उम्र 25 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी, कोतवाली रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। वह कोतवाली रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- एक अदद तमंचा (315 बोर)
- एक अदद खोखा कारतूस
- एक अदद जिंदा कारतूस
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
