किच्छा में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा. आवास विकास क्षेत्र में ब्रेजा कार सवार चार से पांच युवकों ने स्कॉर्पियो को घेरकर हमला कर दिया. आरोप है कि युवकों ने पहले फावड़े से स्कॉर्पियो की हेडलाइट तोड़ी और फिर चालक को गोली मारने का प्रयास किया. किसी तरह स्कॉर्पियो सवार ने मौके से कार भगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने पीछा करते हुए उस पर करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी. गोलियां स्कॉर्पियो की बॉडी को भेदकर निकल गईं. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर आवास विकास स्थित सेंट पीटर स्कूल वाली गली में स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार के बीच टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ब्रेजा कार सवार चार से पांच युवक आक्रोशित हो गए. उन्होंने स्कॉर्पियो को घेर लिया और चालक के साथ मारपीट करने की कोशिश की. आरोप है कि युवकों ने अपने साथ लाए फावड़े से स्कॉर्पियो की हेडलाइट तोड़ दी. इसके बाद कार का शीशा नीचे होने पर एक युवक ने अंदर हाथ डालकर चालक को गोली मारने का प्रयास किया.
इस दौरान स्कॉर्पियो सवार ने किसी तरह हिम्मत दिखाते हुए कार को तेजी से आगे बढ़ाया और हमलावरों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई. इससे गुस्साए ब्रेजा सवार युवकों ने स्कॉर्पियो का पीछा किया और पीछे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. हमलावरों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं. गोलियां स्कॉर्पियो की बॉडी को भेदकर दूसरी तरफ निकल गईं. गनीमत रही कि इस हमले में चालक को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया.
घटना के बाद आवास विकास क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग अचानक हुई गोलीबारी से सहम गए. फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. घटनास्थल का जायजा लिया. वायरल सीसीटीवी फुटेज में भी घटना से जुड़ी गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है.
इधर, क्षेत्राधिकारी दौलत राम वर्मा ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान की जाएगी. उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी.
दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है. इससे पहले भी दोनों गुटों के बीच कई बार फायरिंग होने की चर्चाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, विवाद और फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
