कालाढूंगी। किच्छा शुगर कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्राम पूरनपुर (चकलुवा) कालाढूंगी, जिला नैनीताल में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंतनगर से आए कृषि वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कश्यप ने कृषकों को गन्ने की नई उन्नतशील प्रजातियों की जानकारी दी। साथ ही गन्ने की फसल में लगने वाले कीट व बीमारियों की पहचान और उनकी रोकथाम के उपाय भी बताए। महेश प्रसाद, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, किच्छा ने गन्ना विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। इस दौरान कुछ कृषकों ने उप खाद गोदाम को पूर्व की भांति चकलुवा में संचालित करने की मांग रखी, जिस पर समिति के सचिव एवं अध्यक्ष प्रताप सिंह सिद्धू ने सहमति जताई। गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह ने क्षेत्र में गन्ना बीज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं चीनी मिल के अधिशासी निदेशक ए.पी. बाजपेयी ने किसानों को मांग पर गन्ना बीज उपलब्ध कराने तथा गर्म नम वायु संयंत्र से बीज उपचारित करने की सलाह दी। साथ ही किसानों और गन्ना विकास विभाग की मांग पर गर्म जल से बीज उपचारित संयंत्र उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। गन्ना समिति हल्द्वानी के अध्यक्ष प्रताप सिंह ने गोष्ठी आयोजन के लिए अधिशासी निदेशक का आभार व्यक्त किया और चोरगलिया एवं हल्दूचौड़ में भी इसी प्रकार की किसान गोष्ठी आयोजित करने का आग्रह किया, जिस पर अधिशासी निदेशक ने सहमति प्रदान की। गोष्टी में चकलुवा क्षेत्र के लगभग चालीस किसानों द्वारा प्रतिभाग लिया गया।


एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
