पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना विकास सलाहकार समिति के सदस्य ने किया किच्छा चीनी मिल का निरीक्षण

खबर शेयर करें -

किच्छा, ऊधम सिंह नगर

प्रदेश स्तरीय गन्ना विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री कर्नल सिंह ने आगामी गन्ना पेराई सत्र के प्रारंभ होने से पूर्व आज किच्छा क्षेत्र की चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिल में पेराई सत्र की तैयारियों, मशीनों की स्थिति, गन्ना आपूर्ति व्यवस्था और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

​किसानों की सुविधाओं और पारदर्शिता पर जोर

​निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य ने मिल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि गन्ने की तौल में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और गन्ना आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जाए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

​श्री कर्नल सिंह ने कहा कि गन्ना पेराई किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। समय पर चीनी मिल का संचालन होने से किसानों को गन्ना आपूर्ति में सहूलियत मिलती है और खेत समय पर खाली होने से आगामी फसलों की बुआई भी समय पर की जा सकती है। उन्होंने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।

​अधिकारियों की रही मौजूदगी

​निरीक्षण के समय चीनी मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई तथा मिल परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर श्री शैलेन्द्र सिंह (सहायक गन्ना आयुक्त, ऊधमसिंहनगर), श्री महेश प्रसाद (ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, किच्छा), श्री महेश कुमार चौहान (सचिव प्रभारी, सहकारी गन्ना विकास समिति किच्छा) सहित चीनी मिल के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।

Breaking News