मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले युवा भाजपा नेता तारी टाकुली, किच्छा के विकास और रोजगार का उठाया मुद्दा
अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, एम्स और स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
किच्छा। युवा भाजपा नेता नरेंद्र सिंह टाकुली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके देहरादून स्थित आवास पर मुलाकात कर किच्छा क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और एम्स जैसी बड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना के साथ स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की मांग रखी।तारी टाकुली ने मुख्यमंत्री से कहा कि किच्छा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में युवा शिक्षित होने के बावजूद रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नई परियोजनाओं की संभावनाओं के बीच स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि स्मार्ट इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योगों की स्थापना और संचालन के दौरान स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार रोजगार देने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम स्थापित होने से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल गतिविधियों, व्यापार और आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है। वहीं, एम्स जैसी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी और गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
युवा भाजपा नेता ने कहा कि किच्छा में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत इस बात की है कि इन संभावनाओं को धरातल पर उतारते हुए स्थानीय नागरिकों, युवाओं और क्षेत्र के समग्र हितों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने अग्नि वीरों के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करने और सीधी भर्ती के माध्यम से रोजगार के अवसर पर प्रदान करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त कियाl
तारी टाकुली ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किच्छा क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इन मांगों पर सरकार की आगामी पहल और उनके क्रियान्वयन पर टिकी हैं।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
