विधायक तिलकराज बेहड़ ने सिरौलीकलां को दोबारा नगरपालिका में शामिल करने पर हाईकोर्ट के आदेश का आभार जताया है। शनिवार को विधायक बेहड़ ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून और संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। विधायक बेहड़ ने कहा कि सरकार सिरौलीकलां के विकास के खिलाफ थी। पहले सरकार ने सिरौलीकलां, आजाद नगर, चुकटी देवरिया और बंडिया ग्राम सभा को किच्छा नगर में शामिल कर नगरपालिका का विस्तार किया था, लेकिन बाद में सरकार ने सिरौलीकलां को नगर पंचायत का दर्जा देकर नगरपालिका से अलग कर दिया। मामला कोर्ट में जाने के बाद सरकार को अपने फैसले को वापस लेना पड़ा। कहा कि पालिका चुनाव नजदीक आता देख सरकार ने सिरौलीकलां को दोबारा नगरपालिका से अलग कर ग्राम सभा बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसके खिलाफ सिरौली कलां के लोगों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिरौलीकलां के लोगों के वकील ने कोर्ट में दमदार तरीके से अपना पक्ष रखा। इस पर हाईकोर्ट की डबल बेंच ने मामले में सिरौलीकलां के लोगों को स्टे देकर न्याय किया और सत्य की जीत हुई। बेहड़ ने कहा कि स्टे आने के बाद सिरौलीकलां को नगरपालिका अंतर्गत मिलने वाली सुविधाएं शुरू होनी चाहिए। आरोप लगाया कि नगरपालिका के प्रशासक कोर्ट के आदेश की अनदेखी कर रहे हैं। बेहड़ ने तत्काल सफाई आदि के कार्य को शुरू करने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब सरकार ने गड़बड़ करने का प्रयास किया तो वह सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लगने को तैयार हैं। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, सुनीता कश्यप और गुड्डू तिवारी ए. यू खान आदि मौजूद रहे

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
