हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर के टीपी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बीमा कंपनी के एजेंट की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.
बताया जा रहा कि बंदोबस्ती देवलचौड़ निवासी 55 वर्षीय मनोज सिंह रावत रोज की तरह 16 नवंबर की शाम को टहलने निकले थे. जब वह रामपुर रोड स्थित पंचायत घर चौराहे के पास पहुंचने वाले थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. मनोज सड़क पर छिड़कते हुए दूर जा गिरे. कार चालक घटना को अंजाम देने के बाद तुरंत कार लेकर मौके से फरार हो गया.घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और घायल मनोज को आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया. लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रविवार को उनकी मौत हो गई. सुशीला तिवारी अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, ज्यादा खून बहने से उनकी मौत हुई. परिजनों के मुताबिक मनोज रावत एलआईसी में बीमा एजेंट के रूप में कार्यरत थे. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
टीपीनगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है. हालांकि, पीड़ित परिवार ने अभी तक कोई औपचारिक तहरीर नहीं दी है. टीपी नगर पुलिस चौकी प्रभारी जगदीप नेगी ने कहा कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. आरोपी का जल्द ही पता लगा लिया जाएगा. पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
