रुड़की: हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को कोर्ट में पेश किया गया. उमेश कुमार के खिलाफ पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की पत्नी कुंवरानी देवयानी में रुड़की सिविल लाइन कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था. कोर्ट ने 40-40 हजार के दो मुचलकों पर विधायक उमेश कुमार को जमानत दे दी है. वहीं प्रणव सिंह चैंपियन को उमेश कुमार के कार्यालय में फायरिंग करने के मामले में कोर्ट पहले ही 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है.
इससे पहले कुंवरानी देवयानी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि शनिवार 25 जनवरी रात को करीब 9 बजे के करीब उमेश कुमार उनके महल और कैंप कार्यालय पर आए थे. इस दौरान उमेश कुमार ने उनके घर में घुसने का भी प्रयास किया था. कुंवरानी देवयानी की शिकायत पर पुलिस ने उमेश कुमार और उनके कुछ साथियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें फिर कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने उमेश कुमार को जमानत दे ही है.
उमेश कुमार के वकील उत्तम सिंह चौहान ने बताया कि-
40-40 हजार रुपए की दो मुचलकों पर पर विधायक उमेश कुमार को जमानत मिली है. बेल को लेकर कोर्ट ने कोई कंडीशन नहीं लगाई है. क्योंकि कोर्ट के सामने ऐसा कोई मामला नहीं था.
आगे वकील उत्तम सिंह चौहान ने बताया कि-
उमेश कुमार के खिलाफ एक दिन देरी से मुकदमा दर्ज कराया गया था. उमेश कुमार द्वारा फायरिंग करने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है. इसके अलावा पुलिस की जांच में भी ऐसा कोई निशाना नहीं मिला है, जिससे ये कहा जा सके है कि उमेश कुमार ने फायरिंग की है. इसलिए बेल का केस बनता था.
इससे पहले प्रणव सिंह चैंपियन को कोर्ट में पेश किया गया था. कोर्ट ने प्रणव सिंह चैंपियन और उसके चार साथियों को 14 दिन के लिए जेल भेजा है. बता दें कि प्रणव सिंह चैंपियन पर आरोप है कि वो अपने समर्थकों के साथ खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. जिसके बाद पुलिस ने प्रणव सिंह चैंपियन और उसके चार साथियों को देहरादून से गिरफ्तार किया था. चैंपियन को भी आज कोर्ट में पेश किया गया था.
जानिए कहा से शुरू हुआ दोनों नेताओं के बीच विवाद: बता दें कि साल 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रंणव सिंह चैंपियन की पत्नी कुंवरानी देवयानी को खानपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया था. वहीं उमेश कुमार इसी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे. इस चुनाव में उमेश कुमार से कुंवरानी देवयानी हार गई थीं. तभी से दोनों नेताओं के बीच में टशन चलती आ रही है. सोशल मीडिया पर दोनों अक्सर एक-दूसरे को बुरा-भला कहते नजर आते हैं. लेकिन शनिवार को दोनों के बीच फिर से सोशल मीडिया पर जबरदस्त टीका टिप्पणी हुई.
इसके बाद उमेश कुमार अपने समर्थकों के साथ शनिवार रात 25 जनवरी को प्रणव सिंह चैंपियन के महल पहुंचे और हंगामा किया. इसके एक दिन बाद रविवार को प्रणव सिंह चैंपियन भी अपने समर्थकों के साथ उमेश कुमार के कार्यायल पर पहुंचे, जहां उन्होंने उमेश कुमार के स्टॉफ के साथ मारपीट की. इसके बाद प्रणव सिंह चैंपियन और उनके समर्थकों ने फायरिंग भी की. जिसका वीडियो भी सामने आया है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
