लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 46.50 लाख गन्ना किसानों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने गन्ने के मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि की है. अब अगैती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपए प्रति कुंतल होगा, जबकि सामान्य प्रजाति के लिए यह दर 390 रुपए प्रति कुंतल तय की गई है.
सरकार ने गन्ने के मूल्य में 30 रुपए प्रति कुंतल तक की बढ़ोतरी की है. इस फैसले से राज्य के गन्ना किसानों को लगभग 3000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त लाभ मिलेगा. योगी सरकार का यह निर्णय किसानों के लिए एक बड़ा उपहार है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी.
इससे पहले उत्तर प्रदेश के गन्ना किसान लगातार मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे थे. हाल ही में हरियाणा सरकार ने गन्ने के दाम बढ़ाए थे, जिसके बाद यूपी के किसानों को आस थी कि उनके यहां भी दाम बढ़ेंगे. पेराई सत्र 2021-22 में विधानसभा चुनाव से पहले 25 रुपए प्रति कुंतल की बढ़ोतरी हुई थी.
तब अगैती प्रजाति का मूल्य 350 रुपए और सामान्य प्रजाति का 340 रुपए प्रति कुंतल रेट तय हुआ था. वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले, पेराई सत्र 2023-24 में अगैती प्रजातियों के मूल्य में 20 रुपए की वृद्धि हुई थी, जिससे यह 370 रुपए प्रति कुंतल हो गया था.
गन्ना मूल्य में लगातार वृद्धि: योगी सरकार ने 2017 से अब तक गन्ना मूल्य में चार बार वृद्धि की है, जिससे राज्य के गन्ना किसानों को बहुत फायदा हुआ है. 2017 से पहले, पूर्ववर्ती सरकारों के शासन में गन्ना किसानों को बहुत कम भुगतान होता था.
2007 से 2017 तक केवल 1,47,346 करोड़ रुपए का गन्ना मूल्य भुगतान हुआ, जबकि योगी सरकार ने साढ़े 8 वर्षों में गन्ना किसानों को 2,90,225 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड भुगतान किया है. यह पिछले 10 वर्षों की तुलना में 1,42,879 करोड़ रुपए अधिक है.
चीनी उत्पादन में यूपी देश में दूसरे नंबर पर: प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं. उत्तर प्रदेश चीनी उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है. पूर्ववर्ती सरकारों ने चीनी उद्योग को भारी नुकसान पहुंचाया था. 21 मिलों को औने-पौने दामों पर बेच दिया गया था. लेकिन, योगी सरकार ने पारदर्शी प्रबंधन के जरिए चीनी उद्योग में 12,000 करोड़ रुपए का निवेश लाया है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
