रामनगर: गणपति विसर्जन कर लौट रहे यूपी के बृजवासी लोगों की ट्रैक्टर ट्रॉली गर्जिया के पास नेशनल हाईवे 309 पर पलट गई. इस हादसे में 15 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गये हैं. जिसमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. तीनों को हाई सेंटर रेफर किया गया है. श्रद्धालुओं में 3 साल की भक्त तानिया भी घायल हुई है.
सोमवार शाम उत्तर प्रदेश के एक ग्रामीण इलाके से गणपति मूर्ति विसर्जित करने के लिए बाइकों एवं ट्रैक्टर ट्राली से भारी संख्या में श्रद्धालु रामनगर से कुछ दूरी पर स्थित प्रसिद्ध गिरिजा देवी मंदिर पहुंचे. बताया जा रहा कि सभी श्रद्धालुओं ने गिरिजा मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मूर्ति विसर्जित की. इसके बाद वे वापस लौटने लगे. इसी बीच गर्जिया मंदिर के समीप नेशनल हाईवे 309 के मोड पर उनकी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई.
इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली में मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. 15 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए तुरंत रामनगर के सरकारी अस्पताल लाया गया. जहां सभी घायलों का उपचार चल रहा है. घायलों में तीन की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है. सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के ग्राम किशनपुर मसवासी के रहने वाले बताये जा रहे हैं.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
