उत्तरकाशी: होटल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के मामले में परिजनों ने जिला अस्पताल से शव नहीं उठाया और हत्या की आशंका पर जमकर हंगामा किया. मामले में एसपी के निर्देश पर पांच सदस्यीय एसआईटी टीम गठित कर घटना की जांच शुरू की गई, जिसके बाद परिजन रविवार (25 अगस्त) को शव का दाह संस्कार करने के लिए तैयार हुए.
होटल में युवक की हुई थी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: बता दें कि बीते शुक्रवार को यमुनोत्री हाईवे पर नौगांव के समीप स्थित एक होटल में भंकोली निवासी 28 वर्षीय राजेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुरोला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा था. शनिवार को जब युवक का शव जिला अस्पताल पहुंचा, तो उसकी हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया.
परिजनों ने डॉक्टर को बुलाने उठाई मांग: उसके बाद जिला अस्पताल के तीन डॉक्टरों का पैनल बनाकर शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें युवक की मौत हृदय गति रूकने से बताई गई. उसके बाद भी परिजन नहीं माने और उनका कहना था कि युवक के सिर पर चोट लगी है, जो कि हत्या की आशंका को जताता है. ऐसे में परिजनों ने शव उठाने से मना कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जांच की बात कहकर समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन नहीं माने और होटल मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
