पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर द्वाराहाट से देहरादून कूच
NMOPS के बैनर तले 100 से अधिक शिक्षक-कर्मचारी तीन बसों से रवाना, 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव में होंगे शामिल
द्वाराहाट, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पुरानी पेंशन बहाली मंच द्वाराहाट के सभी सदस्यों ने NMOPS के बैनर तले शनिवार को द्वाराहाट मुख्य बाजार से देहरादून के लिए कूच किया। 13 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव एवं धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए 100 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी तीन बसों के जत्थे में देहरादून के लिए रवाना हुए।
तीनों बसों को जिला खेल समन्वयक अल्मोड़ा डा. बलवंत अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान शिक्षक-कर्मचारियों में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर खासा उत्साह एवं आक्रोश देखने को मिला।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष मोहन जोशी एवं महामंत्री नंदा वल्लभ मैनाली ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि उनके सामाजिक एवं भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी 95 विकासखंडों से बड़ी संख्या में पेंशनविहीन शिक्षक-कर्मचारी अपने-अपने विकासखंडों से प्रदेश की राजधानी देहरादून की ओर कूच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब अपनी मांग को लेकर पूरी तरह लामबंद हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कर्मचारियों का एजेंडा स्पष्ट है—जो राजनीतिक दल पुरानी पेंशन बहाली का स्पष्ट वादा करेगा, कर्मचारी उसी के पक्ष में अपना समर्थन देने पर विचार करेंगे। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि उनका संघर्ष किसी राजनीतिक दल के विरुद्ध नहीं, बल्कि हू-ब-हू पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए है।
द्वाराहाट से देहरादून रवाना हुए शिक्षक-कर्मचारियों ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक NMOPS के बैनर तले आंदोलन को चरणबद्ध एवं लगातार जारी रखा जाएगा।
इस दौरान शिक्षक-कर्मचारियों ने “जो पेंशन बहाल करेगा, वही 2027 में राज करेगा” जैसे नारों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। देहरादून कूच करने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष मोहन जोशी, महामंत्री नंदाबल्लभ मैनाली, महिला अध्यक्ष प्रीति अधिकारी, मंडल प्रचार मंत्री गिरीश मठपाल, जिलाआई टी सेल प्रभारी दीपक पाण्डेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण, उपाध्यक्ष मनीष पांडेय, कोषाध्यक्ष तारा सिंह रौतेला, दिवाकर जोशी, ललित मोहन आर्य, पूजा गोस्वामी, धर्मा देवी, दीपा जोशी, कृष्णा अधिकारी समेत तमाम शिक्षक और कर्मचारी रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
