रुद्रपुरः बंद घर में लाखों की ज्वेलरी और चार लाख से अधिक की नकदी पर हाथ साफ करने वाले दो चोरों को उधमसिंह नगर ने गिरफ्तार किया. आरोपियों से घर से चोरी की गई चार लाख 92 हजार की नकदी और ज्वेलरी बरामद की गई है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक को सीज करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है. दोनों आरोपी मुरादाबाद के रहने वाले हैं.
एसपी काशीपुर अभय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 8 अगस्त को आवास विकास गदरपुर निवासी वेद प्रकाश अरोड़ा ने गदरपुर थाना में तहरीर दी थी कि, वह पांच अगस्त की रात परिवार संग बाहर गए हुए थे. इस दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर उसके घर में रखी लाखों रुपए की ज्वेलरी और चार लाख से अधिक की नकदी चोरी कर ली.मामले में गदरपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घर और आसपास के 600 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. जिस पर टीम को अहम सुराग हाथ लगे. इसके बाद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार देर रात घटना को अंजाम देने वाले बॉबी निवासी शाबाद रोड सरिया मिल मोहल्ला बाजार थाना बिलारी जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश और विजय सिंह निवासी ग्राम धनुपुरा तुर्कखेड़ा थाना बिलारी जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश को सकैनिया मोड़ अब्दुल्ला नगर, गदरपुर के पास बाइक समेत गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 4 लाख 92 हजार रुपए कैश बरामद हुए. आरोपियों की निशानदेही पर घर से चोरी की गई लाखों की ज्वेलरी उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित बगीचे से बरामद की गई. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
पुलिस ने आरोपियों से एक सोने का हार, दो सोने की गले की चेन, दो जोड़ी कान के झुमके समेत 4 लाख 92 हजार की नकदी बरामद की है. साथ ही घटना में प्रयुक्त एक बाइक भी कब्जे में लेते हुए सीज कर दी है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
