भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भारतीय समय के मुताबिक, सुबह 3 बजकर 59 मिनट पर भूकंप आया. इसकी तीव्रता 4.8 रही. हालांकि, इस भूकंप से खबर लिखे जाने तक किसी जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
नेपाल में भूकंप आना आम बात है. नेपाल दुनिया के उस खतरनाक जोन में है, जिसे सबसे ज्यादा एक्टिव टेक्टोनिक जोन कहा जाता है. इस हिस्से में कई बार भूकंपीय गतिविधि रिकॉर्ड की जा चुकी है. यही वजह है कि यह भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के लिए सबसे ज्यादा खतरे वाला क्षेत्र है. नेपाल में समय-समय पर हालात बिगड़ने पर अलर्ट जारी किया जाता और कई रिपोर्ट में इसे रिस्क जोन बताया जा चुका है.
https://x.com/NCS_Earthquake/status/1870238100674490775?t=VUevmiY9QUAMkI4LQAlB2g&s=08
पिछले साल भूकंप ने मचाई थी भीषण तबाही
नेपाल में पिछले साल नवंबर में भूकंप ने जबरदस्त तबाही मचाई थी. 6.4 तीव्रता वाले इस भूकंप की वजह जान-माल का काफी नुकसान हुआ था. भूकंप की वजह से 157 लोग मारे गए थे और हजारों लोग घायल हुए थे. भूकंप के झटके की वजह से नेपाल में 8 हजार घर बर्बाद हो गए थे. साल 2015 में 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था. इस भूकंप में 12 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों मकान ध्वस्त हो गए थे.
क्यों और कैसे आता है भूकंप?
धरती के अंदर मौजूद प्लेटों के आपस में टकराने के चलते भूकंप आता है. भू-विज्ञान के जानकार बतातें हैं कि हमारी धरती 12 टैक्टोनिक प्लेटों पर स्थित है. इन प्लेटों के टकराने पर जो ऊर्जा निकलती है, उसे भूकंप कहा जाता है. जानकार के मुताबिक, धरती के नीचे मौजूद ये प्लेटें बेहद धीमी रफ्तार से घूमती रहती हैं. हर साल ये प्लेटें अपनी जगह से 4-5 मिमी खिसक जाती हैं. इस दौरान कोई प्लेट किसी से दूर हो जाती है तो कोई किसी के नीचे से खिसक जाती है. इसी दौरान प्लेटों के टकराने से भूकंप आता है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
