किच्छा में लावारिस सांड के हमले में पालेज में चौकीदारी करने वाले 66 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर, बुजुर्ग की मौत से ग्रामीणों में रोष फैल गया। इसके बाद प्रशासन ने सांड को पकड़ने के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। तरुण कुमार पुत्र कष्ण चक्रवर्ती निवासी रेलवे कॉलोनी किच्छा बेनी मजार के पास पालेज में चौकीदारी करते थे। रविवार को प्राग फार्म क्षेत्र में एक लावारिस सांड ने उप पर हमला कर दिया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट लगी। बुजुर्ग के शोर शराबा करने पर मौके पर अन्य व्यक्ति पहुंच गए।
घायल अवस्था में एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया। मंगलवार को उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। हल्द्वानी में पोस्टमार्टम के बाद उनका शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, बुजुर्ग की मौत से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सांड पहले भी लोगों पर हमला करता रहा है। प्रशासन से सांड को पकड़ने की मांग की। जिसके बाद पशुपालन विभाग और नगरपालिका की टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से सांड को बेहोश कर पिंजरे बंद कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि गांववालों के अनुसार सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
