रुद्रपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: गैंगरेप के तीनों आरोपी गिरफ्तार, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली
रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में रुद्रपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के अंतर्गत हुए एक गंभीर गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस पर की गई जानलेवा फायरिंग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 की देर रात्रि को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने उनका पीछा कर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस बल पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा और वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान अभियुक्त गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल अभियुक्त से गहन पूछताछ की।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंगरेप प्रकरण में वांछित तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
- गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, जिला ऊधमसिंह नगर (उम्र 23 वर्ष, उपचाराधीन)।
- जोगा सिंह पुत्र रंजीत सिंह, निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश (उम्र 24 वर्ष)।
- रविंदर पुत्र फुम्मन सिंह, निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश (उम्र 19 वर्ष)।
अवैध हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
