पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने गुरुवार को भाजपा समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट गेट पर किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के खिलाफ सांकेतिक सत्याग्रह आंदोलन शुरू किया। शुक्ला ने आरोप लगाया कि विधायक अपने पद का दुरुपयोग कर भू-माफियाओं, खनन माफियाओं और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण दे रहे हैं। पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि तिलक राज बेहड़ पुलिस और प्रशासन पर गलत लोगों के खिलाफ कार्रवाई न करने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो अधिकारी उनकी बात नहीं मानते, उन्हें विधायक सार्वजनिक रूप से धमकाते हैं और उनके स्थानांतरण या झूठे मामलों में फंसाने की चेतावनी देते हैं।
शुक्ला ने ग्राम दरऊ में भू-माफिया हाजी सरवर यार खां द्वारा 40 वर्षों से अवैध रूप से कब्जाई गई भूमि का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस 30 एकड़ भूमि पर गौशाला बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन ने उत्तराखंड शासन को भेजा था, लेकिन अब फिर से माफियाओं ने विधायक के संरक्षण में इस पर कब्जा कर लिया है और गेहूं की फसल बो दी है।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि जब भाजपा कार्यकर्ता गफ्फार खान ने अवैध कब्जे की शिकायत की, तो विधायक के संरक्षण में पलने वाले अपराधियों ने उसे धमकाया। 22 फरवरी को हाजी सरवर यार खां और अन्य अपराधियों ने हथियारों के साथ गफ्फार खान पर हमला कर दिया।
पूर्व विधायक ने मांग की कि विधायक तिलकराज बेहड़ को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
