किच्छा:आज नए साल के पहले ही दिन उत्तराखंड पुलिस की बंदूकों ने गोलियां उगली हैं। पिछले कई दिनों से उधम सिंह नगर में बदमाशों का काल बने एसएसपी मणिकांत मिश्रा की अगुवाई में यूएस नगर पुलिस पूरे तेवर के साथ बदमाशों का सफाया करने में लगी है। इसी मुहिम के तहत किच्छा पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को इंकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है।
नए साल के पहले ही दिन पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़
उधम सिंह नगर पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चलाए हुए है. साल के पहले दिन पुलिस ने पुलभट्टा थाना क्षेत्र में शातिर नशा तस्कर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई. आरोपी रिफाकत हुसैन गन्ने के खेत से छिपकर पुलिस पर गोली चला रहा था. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किए. इस क्रास फायरिंग में आरोपी स्मैक तस्कर के पैर में गोली लगी और घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.
आरोपी के पास से 1 किलो स्मैक बरामद
उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर पूरे इंकाउंटर की जानकारी ली. आरोपी के पास से अवैध तमंचा मय जिंदा कारतूस और लगभग 1 किलो स्मैक बरामद की गई है. बताया जा रहा है कुख्यात रिफाकत पर यूपी और उत्तराखंड के कई थानों में हत्या, बलवा और लूट के 15 से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं. एसएसपी मणिकांत मिश्रा के अस्पताल पहुंचने के बाद स्मैक तस्कर उनसे हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
