हल्द्वानी: लालकुआं-हल्द्वानी हाईवे पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे ओवरब्रिज के खिलाफ स्थानीय लोग धरने पर बैठे हैं. गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि ओवरब्रिज बनाने से उनके गांव और घरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है. यही नहीं इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत से भी शिकायत की. इसके बाद कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने तीनपानी, मोटाहल्दू और गोरापड़ाव में एनएचएआई और जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया.
इस दौरान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि लोगों की शिकायत थी कि हाईवे पर ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में जलभराव हो रहा है और पानी की निकासी कई जगहों से नहीं हो पा रही है. कुमाऊं कमिश्नर ने सिंचाई और एनएचएआई के अधिकारियों से ग्राउंड रिपोर्ट जानी. कहा की ड्रेनेज प्लान सिंचाई विभाग तैयार करें, जिससे पानी की निकासी कहीं दूर बाहर की जा सके, इसके अलावा कुमाऊं कमिश्नर ने हाईवे की प्रगति रिपोर्ट की जानकारी भी ली. दीपक रावत ने कहा कि हाईवे किनारे जहां ड्रेनेज प्लान नहीं है, वहां संशोधित रिपोर्ट बनाकर ड्रेनेज की व्यवस्था की जाएगी.इसके अलावा निर्माणाधीन हाईवे से जुड़े मामलों में मुआवजे जल्द दिए जाएंगे. गौरतलब है कि भारी बारिश के दौरान तीनपानी, मोटाहल्दू और गोरापड़ाव में भारी जलभराव हो रहा है. जिससे आम जनता की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पिछले दिनों हुई बारिश में ओवरब्रिज के पास रहने वाले लोगों के घर में पानी घुस जाने से उनको भारी नुकसान भी हुआ था. इसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. स्थानीय लोग जिसको लेकर धरने पर बैठे हुए हैं. लोगों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
