हल्द्वानी रोड पर किसान की मटर की बोरियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से बदमाशों ने 12 बोरियां जबरन उतार लीं। इस दौरान बदमाशों ने चालक से मारपीट कर ट्रैक्टर की चाबी छीनने का भी प्रयास किया। किसान ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। किसान ने लूटी गई मटर की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को पहचानने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। बलजीत सिंह निवासी पनचक्की फार्म ने पंतनगर विश्वविद्यालय में कृषि भूमि लीज पर ले रखी है। बलजीत को कृषि भूमि में मटर की फसल की बुवाई करनी थी, इसलिए गुरुवार रात लगभग साढ़े आठ बजे उनका चालक गंगादास निवासी ग्राम मिलक ताज स्वार रामपुर ट्रैक्टर ट्रॉली में 256 बोरी मटर भरकर पंतनगर जा रहा था। बलजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लगभग 150 कुंतल वजन होने के कारण ट्रैक्टर ट्रॉली की स्पीड काफी कम थी। इस दौरान हल्द्वानी हाईवे पर बेनी मजार के पास अंधेरे का फायदा उठाते हुए चार युवक ट्रॉली पर चढ़ गए और 12 बोरी पीछे की ओर उतार लीं। जब चालक को इसका पता लगा तो उसने युवकों को ललकारा। इस पर बदमाशों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और उससे ट्रैक्टर की चाबी छीनने का प्रयास किया। चालक के शोर मचाने पर बदमाश मटर की बोरियां दूसरे वाहन में लेकर फरार हो गए। चालक की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों को चिह्नित करने में लगी है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
