कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर न हो जनता: वंदना
जनसंवाद एवं जनसमस्या समाधान शिविर में शिकायतों का किया समाधान
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम वार्ड संख्या 1 से वार्ड संख्या 10 तक हेतु शीशमहल रामलीला ग्राउंड काठगोदाम में आयोजित जनसंवाद एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों द्वारा विद्युत, सड़क, पानी, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, स्ट्रीट लाईट, आधार कार्ड, राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं, जिनका संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर निदान किया गया।
जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि इस प्रकार के कैंप अन्य वार्डों में भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्या का समाधान मौके पर हो और आमजनता को कार्यालयों में भटकना ना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की छोटी-छोटी समस्याएं अधिकारी अपने स्तर से निस्तारित करें। जनसंवाद शिविर में लोगों द्वारा सड़कों पर गड्ढे की शिकायत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक चौधरी को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सड़कों पर गड्ढे है उन स्थानों पर अस्थाई कार्य कर गड्ढे तत्काल भरे जाएं। वर्षाकाल समाप्त होने के पश्चात स्थाई कार्य किए जाएं।
शिविर में निर्वतमान मेयर डॉ. जोगेंदर पाल सिंह रौतेला ने बताया कि काठगोदाम शीशमहल खनन गेट पर खनन सीजन के दौरान खनन वाहन सड़कों पर प्रात: 6 बजे से 2 बजे तक खड़े रहते हैं। इससे जाम के साथ ही दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
जनसंवाद कार्यक्रम में नगर निगम, राजस्व, चिकित्सा, उद्यान, कृषि, समाज कल्याण, पशुपालन आदि द्वारा जानकारी के साथ ही लोगों के फार्म एवं रजिस्ट्रेशन भी कराए गए। शिविर में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, निवर्तमान मेयर डॉ. जोगेंदर पाल सिंह रौतेला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट आदि उपस्थित थे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
