किच्छा: घर वालों से छिप कर बात कर रही किशोरी को जब मां ने देख लिया तो उसका मोबाइल छीन लिया। मां के कमरे से बाहर जाने पर किशोरी ने कमरा बंद कर लिया और चादर का फंदा बना कर झूल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तड़के शव रुद्रपुर पाेस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। किशोरी के आत्मघाती कदम से स्वजन में कोहराम मच गया है।
लालपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली किशोरी का युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की भनक परिवार वालों को लग गई। किशोरी रात में छिप छिप कर युवक से बात किया करती थी। शनिवार मध्य रात्रि भी वह मां से छिप कर घर के प्रथम तल पर स्थित कमरे में बात कर रही थी।
इस दौरान अचानक मां की जब नींद खुली तो बेटी को रात ढाई बजे मोबाइल फोन पर बात करते देखा और उसको फटकार लगाने के बाद मोबाइल छीन लिया। उसके कुछ देर बाद जब वह चाय बनाने के लिए नीचे चली गई।
मां के द्वारा मोबाइल फोन छीन लेना बेटी को नागवार गुजरा और पीछे से उसने कमरा बंद कर लिया। जब मां चाय बना कर वापस उपर आई तो कमरा बंद देख कर उसकी जान सूख गई। घर में मां बेटी अकेले ही होने के कारण वह कमरे का दरवाजा नहीं खोल पाई। जिस पर उसने अपनी बहन को फोन किया तो वह अपने बेटे के साथ वहां आ गई। जब बेटे ने कमरे का कुंडा तोड़ा तो अंदर का दृश्य दिल दहला देने वाला था।
किशोरी अंदर चादर के फंदे पर लटकी हुई थी। उसे आनन फानन में उन्होंने नीचे उतारा तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, लालपुर चौकी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने रविवार सुबह ही शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया था। जहां शव के पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
