किच्छा |
किच्छा क्षेत्र के प्रतिष्ठित सेंट पीटर सीनियर सेकेंडरी स्कूल (किशनपुर, किच्छा) के प्रधानाचार्य ने थाना प्रभारी किच्छा को एक पत्र सौंपकर विद्यालय के बाहर बढ़ती अनुशासनहीनता और सुरक्षा समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई है। प्रधानाचार्य द्वारा दिए गए इस पत्र के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ सकती है।
बार-बार मनाही के बावजूद वाहन लेकर आ रहे छात्र
पत्र में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार मना किए जाने के बावजूद कुछ विद्यार्थी मोटरसाइकिल और स्कूटी जैसे वाहन लेकर स्कूल आ रहे हैं। इस संबंध में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है।
सार्वजनिक मार्गों पर पार्किंग से जाम और परेशानी
छात्र स्कूल परिसर में वाहन न खड़ा करके आसपास की गलियों और सार्वजनिक मार्गों पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही है। विद्यालय ने पुलिस से मांग की है कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक और निर्देशित किया जाए।
छुट्टी के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, पुलिस गश्त की मांग
पत्र में एक और गंभीर मुद्दा उठाया गया है कि छुट्टी के समय कुछ असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर के आसपास आकर विद्यार्थियों को परेशान करते हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसे देखते हुए प्रधानाचार्य ने थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि प्रतिदिन अपराह्न 1:30 बजे विद्यालय के समीप पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि छात्राओं और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
