स्पीड न्यूज़ डेस्क:उत्तराखंड में पीएमजीएसवाई के तहत 250 की जनसंख्या वाले गांवों में 474 नई सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद है। ग्रामीण विकास मंत्री गणेश जोशी ने बजट में इसका प्रावधान करने पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार जताया है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत देशभर में 25,000 ग्रामीण क्षेत्रों को हर मौसम में कनेक्टिविटी देने के लिए चौथे चरण की शुरुआत का ऐलान किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के 250 से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में 1844 किलोमीटर की 474 सड़कों का निर्माण होना बाकी है। अब इन सड़कों के निर्माण की उम्मीदें बढ़ गई है। हालांकि, राज्य सरकार 250 जनसंख्या से कम वाले गांवों को भी सड़क मार्ग से जोड़ने की पैरवी लगातार करती आ रही है, लेकिन अभी पीएमजीएसवाई के तहत इस पर फैसला नहीं हो पाया है।
ग्रामीण विकास मंत्री जोशी ने कहा कि 250 की जनसंख्या वाले गांवों में सड़कें बनने से जहां ग्रामीणों की आवाजाही में सुविधा होगी वहीं संबंधित क्षेत्रों के आर्थिक विकास में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।
कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी है, जिसमें युवाओं, अन्नदाता, मातृशक्ति, सहित सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व का उत्तराखंड के लिए दैवीय आपदा से होने वाले नुकसान के लिए स्पेशल सहायता पैकेज देने पर भी आभार व्यक्त किया।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
