किच्छा:पानी के बिलों में कई गुना वृद्धि का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को बंडिया क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने जल निगम के कार्यालय में हंगामा कर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि जल निगम पेयजल का कनेक्शन देने के समय बताई गई शर्तो का उल्लघंन कर रहा है। इस दौरान क्षेत्रवासियों की जल निगम के सहायक अभियंता से तीखी नोकझोंक हुई। सहायक अभियंता ने बताया कि इस संबंध में जांच कराई जा रही है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में बंडिया सिसैया और किशनपुर के उपभोक्ता जल निगम के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पानी के बिलों में कई गुना वृद्धि का आरोप लगाते हुए जल निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरना दे दिया। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि बंडिया क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था के लिए जल निगम ने ओवरहेड टैंक बनाया था। तब उपभोक्ताओं को पांच साल तक निशुल्क जल कनेक्शन देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय से पूर्व ही उपभोक्ताओं को पानी के बिल वितरित करने शुरू कर दिए। उपभोक्ताओं ने बिलों का भुगतान करना भी शुरू कर दिया। इसके बावजूद संबधित विभाग ने पिछले कई महीने से बिलों में कई गुना वृद्धि करनी शुरू कर दी है। बिलों में दो हजार से लेकर छह हजार तक की धनराशि दिखाई जा रही है। कई बार जल निगम में शिकायत के बावजूद भी उपभोक्ताओं की समस्या निराकरण नहीं किया गया। इस दौरान उपभोक्ताओं की जल निगम के सहायक अभियंता से यतेन्द्र सिंह रावत से तीखी नोंकझोक हुई। यतेन्द्र सिंह रावत ने उन्हें जांच का भरोसा दिलाया। इस दौराना संजीव सिंह, देवेन्द्र शर्मा, पूरन भट्ट, मदन मोहन शर्मा, हसनदार आदि मौजूद रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
