चमोली: नंदानगर घाट में एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी के बाद हंगामा हो गया. गुस्साए स्थानीय लोगों ने एक विशेष समुदाय के व्यक्ति के दुकान पर तोड़फोड़ कर दी. फिलहाल, हंगामा बढ़ता देख इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है.
सैलून की दुकान चलाने वाले समुदाय विशेष के युवक पर छेड़छाड़ का आरोप: पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने बीती 31 अगस्त को नंदप्रयाग थाने में एक तहरीर दी थी. जिसमें उन्होंने बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी के साथ 21 अगस्त को नंदानगर में सैलून की दुकान पर काम करने वाले विशेष समुदाय के युवक ने छेड़खानी की. उस दौरान वो (पिता) घर पर नहीं था. घटना के बाद से पीड़िता गुमसुम रहने लगी थी. कुछ दिनों बाद पिता घर आया तो बेटी ने पिता को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पिता ने तहरीर दी जिसके तहत युवक के खिलाफ पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
गुस्साए लोगों ने दुकान में की तोड़फोड़: वहीं, घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को लगी तो आज 1 सितंबर को घटना के विरोध में नंदानगर में जुलूस निकाला. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने जिस दुकान पर युवक काम करता था, वहां तोड़फोड़ कर दी. हंगामा बढ़ता देख इलाके में भारी फोर्स तैनात की गई है. खुद एसपी चमोली सर्वेश पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं.
पहाड़ों में हो रही घटनाओं से गुस्से में लोग: उधर, आक्रोशित लोगों का कहना है कि पहाड़ों में लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही है. लोगों को अपने बच्चों की चिंता भी सताने लगी है. उन्होंने कहा कि पहाड़ों में भी अब बेटियां सुरक्षित नहीं है. लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. लोगों का कहना है कि घटना के बाद से ही युवक फरार है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
