किच्छा में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पुलिस प्रशासन की सराहना की
किच्छा: पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि किच्छा विधानसभा को अपराधियों की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
शुक्ला ने किच्छा पुलिस द्वारा हालिया दिनों में अपराधियों पर की गई सख्त कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौकशी के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार किया, जबकि अन्य अपराधियों को भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सलाखों के पीछे पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे ये सख्त कदम आम जनता के लिए राहत का विषय हैं। अपराधियों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी, और यदि वे नहीं सुधरे तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि किच्छा के विधायक के साथ कुछ आपराधिक तत्व जुड़े हुए हैं और उनके संरक्षण में नगर में अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों किच्छा पुलिस ने विधायक बेहड़ के साथ मंच साझा करने एवं उनके साथ सार्वजनिक कार्यक्रमो में भाग लेने वाले एक अपराधी को पुलिस ने अवैध विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में गहन जांच करनी चाहिए और अपराधि के छिपाए हुए अन्य अवैध हथियारों को भी बरामद करना चाहिए।
शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस प्रशासन को साफ निर्देश दिए हैं कि उत्तराखंड को अपराधियों और अवैध हथियारों का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और अपराध के खिलाफ इस मुहिम को मजबूत बनाएं। पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को लेकर जनता में संतोष है और यह विश्वास जताया जा रहा है कि आने वाले समय में किच्छा एक सुरक्षित और अपराधमुक्त क्षेत्र बनेगा।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
