बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ दीनदयाल चौक पर जोरदार प्रदर्शन, बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन
किच्छा: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर लगातार हो रहे अत्याचारों और हाल ही में हिंदू पुजारियों की निर्मम हत्या से आक्रोशित बंगाली समाज के लोगों ने आज दीनदयाल चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और भाजपा नगर मंडल कार्यकर्ताओं ने किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके रवैये की कड़ी निंदा की। उन्होंने हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बांग्लादेश सरकार का पुतला जलाया।
प्रदर्शन में शामिल बंगाली समाज के लोगों ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदू मंदिरों को तोड़ा जा रहा है, पुजारियों की हत्याएं हो रही हैं और हिंदू परिवारों को जबरन पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा, “बांग्लादेश सरकार को यह समझना चाहिए कि भारत में हिंदू समाज बांग्लादेश के हिंदुओं के साथ खड़ा है। हम इन अत्याचारों के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे। भारत सरकार को भी इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव डालना चाहिए ताकि हिंदू समुदाय को न्याय मिल सके।” भाजपा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लिया और बांग्लादेश में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन की निंदा की। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि बांग्लादेश सरकार पर कड़ी कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से भी अपील की कि वे इस मुद्दे पर ध्यान दें और हिंदू समुदाय को न्याय दिलाने में सहायता करें।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
