रूद्रपुर, 7 अक्टूबर, 2024/सू.वि.- जनपद में घटते गन्ने के रकबे पर संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार ने विकास भवन सभागार में गन्ना एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक लेते हुए जनपद में कृषकों को गन्ने का पैदावार बढाने हेतु जागरूक व प्रेरित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोगों को मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना, पंचवर्षीय योजना एवं राष्ट्रीय विकास योजना आदि की जानकारी देते हुए गन्ना कृषकों को योजनाओं से जोड़ उन्हें लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि गन्ने का रकबा घटने के कारणों पर गहन समीक्षा करें व रकबा बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं, इसमें प्रशासन का पूर्ण सहयोग कृषि विभाग व कृषकांे के साथ है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्नत किस्म के बीज पैदा करने, सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने तथा गन्ने की फसल को अधिकाधिक क्षेत्रफल में उगाने के लिए कृषकों एवं कृषक समूहों के साथ समन्वय करने के निर्देश अधिकारियों को दिए ताकि कृषकों का रूझान गन्ने की फसल की ओर बढ़े। उन्होंने कहा कि समर पैडी अर्थात ग्रीष्मकालीन धान की खेती को कम करने हेतु किसानों को प्रेरित किया गया है, अतः उन्हें गन्ने की फसल को विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि रोस्टर बनाकर ग्रामों मे गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को गन्ने की फसल से होने वाले लाभ के प्रति जागरूक करें।
बैठक में मुख्य कुषि अधिकारी डॉ अभय सक्सेना, सहायक गन्ना आयुक्त आशीष नेगी, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गौतम नेगी, ऊदल सिंह, महेश प्रसाद , राकेश कुमार, तेजपाल सिंह आदि उपस्थित थे।
———————————————–

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
