किच्छा, संवाददाता। निवर्तमान ग्राम प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जिला पंचायत अध्यक्षों की तर्ज पर ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे पांच दिसबंर को मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। सोमवार को बड़ी संख्या में निवर्तमान ग्राम प्रधान व उनके प्रतिनिधि एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए ब्लॉक प्रमुख व ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने की मांग की। ग्राम प्रधानों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आरोप लगाया कि उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत संगठन पिछले एक वर्ष से त्रिस्तरीय पंचायत का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग कर रहा है। सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाकर प्रदेश के 520 जिला पंचायत सदस्यों, 95 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 7791 ग्राम प्रधानों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने सरकार से अध्यादेश लाकर अथवा पंचायती राज एक्ट में संशोधन कर जिला पंचायत अध्यक्ष की तर्ज पर ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्यों को भी प्रशासक नियुक्त करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में निवर्तमान ग्राम प्रधान दीपक मिश्रा, आरती देवी, लक्ष्मी, तुलसी, नीलम गंगवार, चंद्रकला, राहुल, आशा देवी आदि शामिल रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
