रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले में बीते दिनों वन विभाग की टीम का गदरपुर थाना क्षेत्र में लकड़ी तस्करों से सामना हो गया था. इस दौरान लकड़ी तस्करों ने अपनी जान बचाने के लिए वन विभाग की टीम पर गोली चला दी थी. इस मुठभेड़ में वन विभाग के रेंजर समेत चार वनकर्मी गोली लगने से घायल हो गए थे. तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. वहीं, आज सोमवार 9 सितंबर को पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले का खुलासा किया. एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गदरपुर थाना पुलिस और एसओजी काशीपुर की टीम ने वन विभाग की टीम पर गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 12 बोर की बंदूक और चार कारतूस बरामद हुए हैं. आरोपी के खिलाफ पहले से ही जिले के कई थानों में मुकदमे दई है. इसके अलावा वन विभाग में भी कई मुकदमे दर्ज है.
लकड़ी तस्करों ने चलाई थी गोली: पुलिस ने बताया कि वन विभाग की टीम को गदरपुर थाना क्षेत्र में पीपल पड़ाव रेंज के जंगलों में गश्त कर रही थी. तभी वन विभाग की टीम का सामना लकड़ी तस्करों से हो गया. अपने आप को घिरता देख लकड़ी तस्करों ने बचने के लिए वनकर्मियों पर फायरिंग कर दी. वन विभाग की तरफ से भी फायरिंग की गई, लेकिन इसी बीच गोली लगने से रेंजर रूप नारायण गौतम समेत चार वनकर्मी घायल हो गए.
गदरपुर थाना पुलिस और एसओजी काशीपुर ने किया अरेस्ट: इस मालमे में रेंजर की तहरीर पर पुलिस ने गुरमीत सिंह उर्फ गेजी समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. इसी बीच गदरपुर थाना पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने 8 सितंबर रात को कलकत्ती गांव की तरफ से आने वाले रास्ते अब्दुल्ला नगर बार्डर पर नामजद आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ गेजी को गिरफ्तार किया.
गोलीबारी में शामिल अन्य आरोपियों के नाम भी आए सामने: पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 सितंबर 2024 को वो अपने साथियों संगत सिह उर्फ संगी, संदीप सिह, सर्वजीत सिह उर्फ छब्बी समेत कई अन्य लोग लकड़ी तस्करी करने गए थे. तभी उन्होंने वन विभाग चौकी पीपल पड़ाव रेंज की टीम पर फायरिंग कर दी थी. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गुरमीत सिह उर्फ गेजी पेशेवर लकडी तस्कर और वाहन चोर है. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई आपराधिक मुकदमे कोर्ट में विचाराधीन है. पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरमीत सिह उर्फ गेजी के खिलाफ थाना बाजपुर मे गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
