पुरानी पेंशन बहाली को 2027 के चुनावी घोषणा-पत्र में प्रमुखता से शामिल करने का आश्वासन

खबर शेयर करें -

पुरानी पेंशन बहाली को 2027 के चुनावी घोषणा-पत्र में प्रमुखता से शामिल करने का आश्वासन

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने NMOPS प्रतिनिधिमंडल को दिया भरोसा, विधायक मदन सिंह बिष्ट बोले—पेंशन बहाली के पक्ष में रही है कांग्रेस

द्वाराहाट। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 में राजनीतिक दलों के चुनावी घोषणा-पत्र में राजकीय शिक्षक एवं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को प्रमुखता से शामिल कराने के उद्देश्य से NMOPS के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली मंच, द्वाराहाट द्वारा नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री यशपाल आर्य को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट तथा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव डॉ. गणेश उपाध्याय भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने NMOPS प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के लिए कांग्रेस के चुनावी घोषणा-पत्र में राजकीय शिक्षकों एवं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे को प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने शिक्षक-कर्मचारियों की इस मांग को गंभीर एवं महत्वपूर्ण विषय बताया।

क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजकीय कर्मचारियों की पेंशन बहाली की मांग की हमेशा से पक्षधर रही है तथा कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े इस विषय पर पार्टी की सकारात्मक सोच रही है।

NMOPS के ब्लॉक महामंत्री नंदा बल्लभ मैनाली ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में जो दल पुरानी पेंशन बहाली को अपने घोषणा-पत्र में स्पष्ट एवं प्राथमिकता के साथ शामिल करेगा, राज्य के तमाम राजकीय कर्मचारी और उनके परिजन एकजुट होकर उसी दल का समर्थन करेंगे।

संगठन ने अपना स्पष्ट राजनीतिक संदेश दोहराते हुए कहा: जो पेंशन की बात करेगा, वही 2027 में राज करेगा।

ज्ञापन कार्यक्रम में पुरानी पेंशन बहाली मंच, द्वाराहाट के अध्यक्ष मोहन जोशी, महामंत्री नंदा वल्लभ मैनाली, कुमाऊं मंडल संगठन मंत्री गिरीश मठपाल, जिला आईटी सेल प्रभारी दीपक पांडे, उपाध्यक्ष मनीष पांडे, प्रसून अग्रवाल, डॉ. दीपक मेहता, पूजा अग्रवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Breaking News