किच्छा (उत्तराखंड):
किच्छा से लालकुआं जा रही ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हदय विदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
मजदूरी पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा किच्छा से करीब नौ किलोमीटर दूर आनंदपुर क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान किच्छा के गडरिया बाग निवासी अमित कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित रोजाना की तरह मजदूरी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की विधिक कार्रवाई व पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महज 18 वर्ष की कम उम्र में अमित की इस तरह अचानक हुई मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो बहनें और एक भाई समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। जवान बेटे की अर्थी उठने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस का बयान: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
