किच्छा
नगला नगरपालिका अध्यक्ष पद की सीट पर रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस प्रत्याशी हरिओम चौहान का नामांकन खारिज कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी की उम्र मानक के अनुसार तीस साल से चार माह कम पाई गई है। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवार राकेश कुमार यादव को अपना समर्थन दिया है। मंगलवार को विधायक तिलकराज बेहड़ ने अपने कार्यालय पर राकेश कुमार को फूलमाला पहनाकर कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी हरिओम चौहान और बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। बेहड़ ने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से वार्ता की गई है। उन्होंने राकेश यादव को समर्थित उम्मीदवार बनाने पर सहमति जताई है। राकेश यादव को मिलने वाले चुनाव चिह्न का कांग्रेस समर्थन करेगी। अब राकेश यादव कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार होंगे। बेहड़ ने कहा कि पहले नगला नगरपालिका में अध्यक्ष पद को ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया गया था।
उस समय राकेश यादव की पत्नी चुनाव लड़ना चाहती थी। बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक सत्ता का दुरुपयोग करते हुए ओबीसी महिला सीट को सामान्य करा दिया। उन्हें आज सौभाग्य से सामान्य सीट पर ओबीसी उम्मीदवार को चुनाव लड़ाने का मौका मिला है। नगला की 70 प्रतिशत आबादी ओबीसी होने के कारण सब लोगों को एक साथ आना होगा। पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी हरिओम चौहान ने कहा कि वह अपनी पूरी ताकत से कांग्रेस प्रत्याशी राकेश यादव को चुनाव लड़ाएंगे। राकेश यादव ने कहा कि वह अध्यक्ष पद की सीट जीत कर विधायक तिलकराज बेहड़ की झोली में डालेंगे। उन्होंने कहा कि वह नगला का चहुंमुखी विकास करेंगे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
