उधम सिंह नगर:उत्तराखंड कांग्रेस ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए और प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों के खिलाफ उधमसिंह नगर के जिला मुख्यालय में रुद्रपुर में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. मंच से कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर कई आरोप लगाए.
उत्तराखंड को लूटने का लगाया आरोप: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि विपक्ष के नेताओ ने तमाम मुद्दे सदन में उठाए. लेकिन सरकार मुद्दों पर चुप्पी साधे रही. सरकार जवाब देने को तैयार नहीं. आज महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, विकास कार्य और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस संग आम जनमानस ने हल्ला बोला है. सरकार ने जल, जंगल, जमीन को बेचने का काम किया है. कांग्रेस की ओर से आज से सरकार के खिलाफ जंग का ऐलान हो चुका है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जेल भी जाने को तैयार हैं. लेकिन उत्तराखंड को लूटने नहीं दिया जाएगा.
इन मुद्दों पर भाजपा को घेरा: करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में हर बड़े अपराध के पीछे किसी न किसी भाजपा नेता का हाथ सामने आ रहा है. अंकिता भंडारी प्रकरण से शुरू हुआ सिलसिला नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष और हाकम सिंह की तरह सामने आ रहे हैं. हर प्रकरण में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने भाजपा विधायक के भाई को कारतूस के साथ गिरफ्तार करने के मामले पर सरकार पर कमजोर एफआईआर बनाकर शख्स को छोड़ने का आरोप भी लगाया.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
