रुद्रप्रयाग: जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने आज रतूड़ा गांव में कृषक वीरेंद्र सिंह के खेत पर जाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत संसूचित फसल धान पर फसल कटाई प्रयोग का निरीक्षण किया. इस दौरान डीएम ने किसानों का हौसला अफजाई करते हुए उनके द्वारा उत्पादित की जा रही फसलो के बारे में जानकारी प्राप्त की.
डीएम सौरभ गहरवार ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आधुनिक/जैविक खेती करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसके लिए संबंधित विभागों द्वारा कृषकों को गुणवत्तायुक्त बीज एवं उचित प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने सभी कृषकों को इसका अधिक से अधिक लाभ लेने को कहा है, ताकि किसानों की आर्थिकी मजबूत होने के साथ ही वह आत्मनिर्भर हो सकें. डीएम सौरभ गहरवार ने स्थानीय कृषकों को फसल क्षति से होने वाली हानि से बचने के लिए फसल बीमा कराने हेतु परामर्श दिया. उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व उपनिरीक्षकों को खेत मापन पद्धति के बारे में भी विस्तार से समझाया. साथ ही उन्होंने समस्त राजस्व उपनिरीक्षकों को खेत मापन के संबंध में प्रशिक्षण देने हेतु उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया.
अपर सांख्यिकी अधिकारी मुहम्मद आरिफ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा किसान वीरेंद्र सिंह के क्रॉप कटिंग प्रयोग हेतु चयनित खेत (खसरा नंबर-509) में बनाए गए प्रयोगात्मक प्लॉट (6×5=30 वर्ग मीटर) में निरीक्षण किया गया, जिसमें प्लॉट उपज 14.500 किग्रा (अनुमानित उपज 27 कु0/है0) प्राप्त हुई है. उन्होंने बताया कि औसत उपज के आधार पर ही बीमा कंपनियों द्वारा बीमित किसानों को फसल क्षति का आंकलन करते हुए बीमित धनराशि का भुगतान किया जाता है.

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
