किच्छा (ऊधमसिंह नगर):
गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, काशीपुर के तत्वावधान में गन्ना विकास परिषद, किच्छा के ग्राम भंगा में एक दिवसीय ‘ग्राम स्तरीय कृषक गोष्ठी’ का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को गन्ने की आधुनिक खेती, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा वैज्ञानिक तरीकों से फसल उत्पादन की बारीकियाँ समझाना था।
उन्नत प्रजातियों के चयन से घटेगी लागत, बढ़ेगी पैदावार
गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पंतनगर विश्वविद्यालय के प्रख्यात गन्ना वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कश्यप ने किसानों को गन्ने की नई और अधिक उपज देने वाली किस्मों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही प्रजाति के चयन से किसान अपनी लागत कम करके अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। उन्होंने को 13235, को 17231, को०शा० 18231, को०शा० 19231, को०ल० 15207, को०ल० 15206, को०पंत 12221, को०पंत 12226 तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए को०शा० 98014 एवं को० 10239 जैसी उन्नत किस्मों के बारे में बताया।
कीट व लाल सड़न रोग की रोकथाम पर चर्चा
वैज्ञानिकों ने फसल को नुकसान पहुँचाने वाले कीटों—जैसे दीमक, टॉप बोरर, और कुरमुला की पहचान एवं रोकथाम के उपाय बताए। इसके साथ ही गन्ने में लगने वाले घातक रोगों, जैसे लाल सड़न (रेड राट), स्मट और पोखा बोइंग की रोकथाम तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई।
सहफसली खेती और विभागीय योजनाएँ
कार्यक्रम संचालक श्री जीवन पन्त (गन्ना किसान संस्थान, काशीपुर) ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से बुआई करने और गन्ने के साथ सहफसल (Intercropping) अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित करने की सलाह दी।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक श्री महेश प्रसाद ने विभाग द्वारा दी जा रही सब्सिडी और विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से केवल स्वीकृत, शुद्ध एवं शोधित बीज का ही प्रयोग करने की अपील की। वहीं, किच्छा चीनी मिल के प्रभारी गन्ना प्रबंधक श्री ऋषिपाल सिंह एवं समिति के प्रभारी सचिव श्री महेश चौहान ने किसानों को समिति में उपलब्ध खाद एवं कीटनाशकों की जानकारी दी।
बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान ओमप्रकाश, डॉ. तिरमल प्रसाद, श्याम बाबू, नोनी राम, मो. उमर, छवि लाल गंगवार, नरेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिया। इस दौरान गन्ना विकास निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार, गन्ना पर्यवेक्षक गंगा दत्त, रविशंकर काण्डपाल, अरविन्द कुमार, सचिन कुमार, मो. हसनेन, सुभाष सागर, मो. यूनुस, देवेन्द्र सिंह बिष्ट, विशाल रोतिया और विपिन कुमार आदि भी मौजूद रहे।
