किच्छा, ऊधम सिंह नगर:
तहसील किच्छा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपलिया के किसानों ने किच्छा शुगर कंपनी लिमिटेड के अधिशासी निदेशक को एक शिकायती पत्र सौंपा है। किसानों ने आरोप लगाया है कि पिपलिया स्थित उनके गन्ना सेंटर का ठेका पिछले कई वर्षों से पवन गंगवार को दिया जा रहा है, लेकिन उनकी व्यवस्था बेहद लचर है।अधिशासी निदेशक की अनुपस्थिति में केन मैनजर ऋषि पाल सिंह को किसानों ने शिकायती पत्र सौंपा है .
लेबर और ट्रकों की व्यवस्था न होने से होती है परेशानी
पत्र में किसानों ने बताया कि पवन गंगवार के पास सेंटर पर पर्याप्त मात्रा में लेबर और ट्रकों की व्यवस्था नहीं रहती है। कार्य के दौरान ही लेबर भाग जाती है, जिसके कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और उन्हें 48-48 घंटे तक सेंटर पर खड़ा रहना पड़ता है। किसानों का आरोप है कि जब इस संबंध में पवन गंगवार से बात की जाती है, तो वह इधर-उधर की बात करके टाल-मटोल कर देते हैं।
ठेका न बदलने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी उक्त सेंटर का ठेका पवन गंगवार को दिया गया, तो समस्त काश्तकार धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। पत्र के अंत में ग्राम पिपलिया के समस्त किसानों ने मांग की है कि उनकी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस बार पवन गंगवार को सेंटर का ठेका न दिया जाए।
ज्ञापन देने वालों में संजय कुमार, जसवीर सिंह, तरसेम सिंह, साधू, गुरदेव सिंह, सुल्तान अहमद, सुखचैन सिंह, कुलविंदर सिंह, देवलाल, प्रकाश कुमार, राकेश कुमार, चैन लाल, कमरूल गुरी, हारून गुरी, फरीद गुरी, मोहम्मद अहमद सहित कई अन्य काश्तकार शामिल रहे।
