अल्मोड़ा, नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम (NMOPS) के बैनर तले जनपद अल्मोड़ा में आज शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत रैमजे इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित एक विशाल जनसभा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए।
जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकारों पर कर्मचारियों और शिक्षकों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के समय उन्हें पुरानी पेंशन जैसी सुरक्षा से वंचित कर दिया जाता है, जो उनके बुढ़ापे की सबसे बड़ी सहारा होती है। वक्ताओं ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई को शेयर बाजार से जोड़ना उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
वक्ताओं ने एनपीएस और यूपीएस को भ्रामक बताते हुए एक स्वर में पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आगामी विधानसभा चुनावों से पूर्व उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो “वोट फॉर ओपीएस” अभियान चलाया जाएगा।
जनसभा के उपरांत कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी के साथ एक विशाल रैली निकाली। यह रैली मुख्य बाजार से होते हुए चौघानपाटा गांधी पार्क पहुंचकर समाप्त हुई। यहां जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएमओपीएस जिला अध्यक्ष गणेश भंडारी ने की, जबकि संचालन महामंत्री भोपाल सिंह चिलवाल ने किया। इस अवसर पर एनएमओपीएस के मंडलीय अध्यक्ष राजू मेहरा, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पंकज पांडेय, माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष रविशंकर गुसाईं, मंडलीय मंत्री भारतेंदु जोशी, मंडलीय प्रचार मंत्री गिरीश मठपाल, एनएमओपीएस जिला अल्मोड़ा के संरक्षक मनोज जोशी, जिला आईटी सेल के प्रभारी दीपक पांडेय, प्रांतीय कोर कमेटी के सदस्य धीरेंद्र पाठक, मोहन जोशी, नंदाबल्लभ मैनाली, ललित पालीवाल, मनीष पांडे, भुवन सिराडी, रमेश मेहरा, चंदन बोरा, नरेंद्र बोरा समेत सैकड़ों शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
