किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के कार्यालय में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रुद्रपुर ब्लॉक के कांग्रेस समर्थित नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानों का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान बेहड़ ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए। बेहड़ ने आरोप लगाया कि पोलिंग पार्टियों के जमा करने के दो घंटे बाद बैलेट बॉक्स एएनझा इंटर कॉलेज पहुंचे, जबकि खटीमा में चार घंटे लगे। दोपहरिया जिला पंचायत सीट पर 2600 वोट कैंसिल होना शक जाहिर करता है। गुरदास कालरा के गांव में उन्हें जिताने का संकल्प लिया था। इसके बावजूद 400 वोट खराब होना सोचनीय है।
एक बैलेट बॉक्स में मोहर तक निकली है। बेहड़ ने कहा कि उन्हें सब पता है कि कौन अधिकारी वहां खड़े थे। इसके सबूत मिल चुके हैं। बीडीसी मेंबर को उठाने का खेल चल रहा है। सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ना आसान नहीं था, इसीलिए कांग्रेस ने ब्लॉक प्रमुख का चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को किसी के साथ जाने से नहीं रोका है। आरोप लगाया कि उनके सामने सत्ता, धनबल और संगठन लड़ रहा था। जबकि वह अपने कार्यकर्ताओं के बल पर अकेले चुनाव लड़ रहे थे। कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं के बल पर लड़ाई जीती है, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। बेहड़ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 तक दमन सहने का प्रयास करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा यदि कांग्रेस की सरकार आ गई और वह सरकार में मंत्री बन गए तो इन अधिकारियों ने जैसे खेल खेला है, वैसी ही वह इन्हें सजा देंगे। दोपहरिया सीट से जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालरा, प्रतापपुर सीट जिला पंचायत सदस्य प्रेमप्रकाश, कुरैया सीट से जिला पंचायत सदस्य सुनीता देवी ने कहा कि जनता ने विधायक बेहड़ के विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। उन्होंने विधायक और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रमेश तिवारी गुड्डू, सुनील ठाकुर, एनयू खान, राजेश प्रताप सिंह, सुनीता कश्यप, बंटी पपनेजा, गुलशन सिंधी, जीवन जोशी आदि मौजूद रहे। ‘भीतरघातियों पर कार्रवाई को यहां से लेकर दिल्ली तक मोर्चा खोलेंगे’ बेहड़ ने आरोप लगाया कि वह इस समय दोहरी लड़ाई लड़ रहे हैं। कुरैया सीट पर जिसे वह टिकट नहीं दे पाए, उसने गांव-गांव खुला खेल खेला। जिला संगठन के पदाधिकारी उसके साथ संलिप्त रहे। इसके पुख्ता प्रमाण मिल चुके हैं। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से शिकायत की है। बेहड़ ने कहा कि वह भीतरघाती नेताओं को नहीं हटाए जाने पर वह इनके खिलाफ यहां से लेकर दिल्ली तक मोर्चा खोलेंगे। वह अपने रास्ते अलग करने को भी तैयार हैं। आधे भाजपाई, आधे कांग्रेसी नहीं चलेगा।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
