किच्छा:चीनी मिल यार्ड में बुधवार को गन्ना उतारने को लेकर हंगामा हो गया। गन्ना लेकर मिल पहुंचे दो भाइयों ने क्रेन ऑपरेटर पर मारपीट का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मिल के अधिशासी निदेशक ने मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है। बुधवार को ग्राम गिद्धपुरी निवासी करन पुत्र गिरधारी लाल अपने भाई अजय के साथ दो ट्रॉलियों में गन्ना लेकर चीनी मिल यार्ड में गन्ना उतारने पहुंचे थे। करन का आरोप है कि उन्होंने जब क्रेन ऑपरेटर से गन्ना उतारने की बात कही तो वह गाली-गलौज करते हुए नीचे उतर आया।
इसके बाद अजय उसे उच्चाधिकारियों के पास ले जाने लगे। आरोप है कि इस दौरान क्रेन ऑपरेटर भड़क गया और उसने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने उनके साथ मारपीट की। हंगामा बढ़ने पर पीड़ित भाइयों ने अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। घटना के बाद किसान चीनी मिल के प्रशासनिक भवन में पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बॉक्स:मामले की सत्यता के लिए जांच कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। -ऋषि पाल सिंह गन्ना पबंधक किच्छा शुगर कंपनी

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
