किच्छा (उधमसिंह नगर)। किच्छा चीनी मिल में अधिकारियों की कार्यप्रणाली और कथित अनदेखी से नाराज क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ ने पेराई सत्र शुभारंभ समारोह का बहिष्कार कर दिया है। शुक्रवार दोपहर बाद अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक बेहड़ ने मिल प्रशासन और गन्ना विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।
विधायक ने आरोप लगाया कि चीनी मिल में चीफ इंजीनियर से लेकर निचले स्तर तक के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना उनसे समय लिए महज दो दिन पहले समारोह में शामिल होने की सूचना दी जाती है। यहां तक कि बॉयलर पूजा का निमंत्रण भी उन्हें सिर्फ एक दिन पहले तब भेजा गया, जब वे दिल्ली प्रवास पर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निमंत्रण पत्र में दस नाम छापकर पेराई सत्र जैसे महत्वपूर्ण आयोजन का राजनीतिकरण किया जा रहा है।
गन्ना मंत्री की अनुपस्थिति और किसानों की अनदेखी पर जताया रोष
बेहड़ ने बताया कि उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान गन्ना मंत्री से पेराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर किच्छा आने का आग्रह किया था, ताकि स्थानीय किसानों और मिल कर्मचारियों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल सके। इसके बावजूद मंत्री कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि गन्ना मंत्री पूरे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
भ्रष्टाचार की जांच की चेतावनी
किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि धौराडाम क्षेत्र में किसानों के खेतों में पानी भरा होने से गन्ने की फसल बर्बाद हो रही है, लेकिन गन्ना विभाग कोई सुध नहीं ले रहा है। उन्होंने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का सीधा आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि प्रदेश में सरकार बदलने पर इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों के इसी रवैये के विरोध में उन्होंने समारोह से दूरी बनाने का फैसला लिया है।

एडिटर / संपादक: स्पीड न्यूज़ उत्तराखंड
Master of Mass Communication, MCU Bhopal
Kichha, Udham Singh Nagar, Uttarakhand
+91 9899104708
