मंच पर हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच दिखी ‘तकरार’, सियासी गलियारों में तेज हुई चर्चा

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक तरफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के केंद्रीय नेता जहां एक तरफ पार्टी के सभी गुटों को एकजुट करने की कोशिशों में लगे हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ नेताओं का मनमुटाव या यूं कहें गुटबाजी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। पार्टी नेताओं की एकजुटता का ऐसा ही एक अजीब नजारा शनिवार को बागेश्वर में आयोजित पार्टी की बैठक के दौरान दिखा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मंच पर एक-दूसरे को माला पहनाने को लेकर खींचतान करते दिखे। इस दौरान रावत ने तो आर्य से माला पहन ली, लेकिन कोई कोशिशों के बाद भी रावत, आर्य को माला नहीं पहना सके। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दरअसल उत्तराखंड की कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के पहली बार बागेश्वर पहुंचने पर पार्टी नेताओं ने एक कार्यक्रम रखा था। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंच पर मौजूद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को माला पहनाने की कोशिश की, लेकिन आर्य इस बात के लिए तैयार नहीं हुए। उल्टा आर्य ने वहां खड़े कार्यकर्ता से एक माला ले ली और वे पूर्व सीएम को पहनाने की कोशिश करने लगे। हालांकि इस बार रावत ने आनाकानी करते हुए माला पहनने से इनकार कर दिया और आर्य के हाथों से माला ले ली।

इसके बाद अबतक कुमारी शैलजा की बायीं तरफ खड़े आर्य अपनी जगह बदलकर कुमारी शैलजा की दायीं तरफ आ गए, इसके बाद रावत एकबार फिर उनकी तरफ आए और उन्हें माला पहनाने के लिए हाथ बढ़ाने लगे, लेकिन एकबार फिर आर्य ने हाथ जोड़कर इस बात से इनकार कर दिया। और फिर खुद ही रावत के हाथों से माला लेने की कोशिश करने लगे। हालांकि रावत ने हंसते हुए अपने हाथ पीछे कर लिए और उन्हें माला देने से इनकार कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा सिर झुकाकर हंसती दिखीं, जबकि वहां मौजूद अन्य नेता भी खिलखिलाते नजर आए। लेकिन इस दौरान यशपाल आर्य काफी गुस्से में हरीश रावत को अपने से दूर करते रहे। इसी बीच हरीश रावत ने हंसते-हंसते आर्य को एक माला दे दी, जिसे उन्होंने रावत को पहना दिया। लेकिन इसके बाद भी आर्य ने खुद रावत के हाथों से माला नहीं पहनी। जिससे पार्टी कार्यकर्ता भी उलझन में पड़ गए।

वैसे दोनों नेताओं के बीच सरेआम मंच पर दिखाई दी ये होड़ यूं तो एक-दूसरे के सम्मान में माला पहनाने को लेकर थी, लेकिन इसके सियासी मायने काफी कुछ निकल रहे हैं। खासकर वह भी तब जब यशपाल आर्य ने पूर्व सीएम के हाथों माला पहनने से इनकार कर दिया। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि एक तरफ जब दो महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जहां केंद्रीय नेतृत्व एकजुटता के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है, वहीं दूसरी तरफ मंच पर ही एकजुटता नजर नहीं आ रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच किस तरह का संदेश जाएगा।

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
Breaking News